मंदिर के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण की उठी मांग, पर्यटन मानचित्र पर स्थान दिलाने की भी अपील.

 दीपावली के पावन अवसर पर मां काली मंदिर तुंगेश्वर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। इस अवसर पर बड़ी संख्या में देवी भक्तों ने मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा दीप प्रज्ज्वलित कर मां भगवती की आराधना की।

 श्रद्धालुओं ने मां काली से क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और समस्त क्षेत्रवासियों के मंगलमय जीवन की कामना की।

दीपावली के इस पावन पर्व पर मंदिर परिसर दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। पूजा-अर्चना के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और आस्था देखने को मिली। हालांकि धार्मिक आयोजन के साथ ही स्थानीय लोगों ने मंदिर की बदहाल स्थिति और विकास की अनदेखी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मां काली मंदिर तुंगेश्वर प्राचीन काल से ही क्षेत्र में आस्था और श्रद्धा का प्रमुख केंद्र रहा है, लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण है कि आज तक मंदिर के समुचित जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण की दिशा में अपेक्षित कार्य नहीं हो पाया है। मंदिर की ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्ता को देखते हुए इसके विकास के लिए ठोस पहल किए जाने की आवश्यकता है।

ग्रामीणों ने मंदिर के जीर्णोद्धार, सौंदर्यीकरण, आवश्यक मूलभूत सुविधाओं के विकास तथा इसे पर्यटन मानचित्र पर स्थान दिलाने की मांग उठाई। उनका कहना है कि यदि मंदिर का योजनाबद्ध तरीके से विकास किया जाए तो यह धार्मिक पर्यटन के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में भी उभर सकता है, जिससे क्षेत्र को नई पहचान मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सकता है।

इस अवसर पर नरेंद्र सिंह, जगदीश प्रसाद, भगवान सिंह, लक्ष्मी प्रसाद, देवेंद्र सिंह, रमेश चंद्र, लक्ष्मण सिंह, सतीश चंद्र, दीपक सिंह, सुजान सिंह, जगमोहन प्रसाद, मोहन प्रसाद, संदीप सिंह, विनोद सिंह, प्रवीण कुमार, नवनीत सिंह सहित बड़ी संख्या में देवी भक्त एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।