शहीद स्थल विवाद,पीबीओआर पूर्व सैनिक संगठन ने रात के अंधेरे में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस पर उठाए सवाल।


विकासनगर। पीबीओआर (PBOR) पूर्व सैनिक वेलफेयर एसोसिएशन, पछवादून की ओर से आज एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। यह प्रेस वार्ता बीते दिन शहीद स्थल के लोकार्पण के बाद कुछ पूर्व सैनिकों द्वारा रात के समय की गई प्रेस कॉन्फ्रेंस के जवाब में बुलाई गई थी।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए संगठन के पदाधिकारियों ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि जिन लोगों ने कल रात के अंधेरे में प्रेस कॉन्फ्रेंस की है, उनमें से अधिकांश लोग प्रॉपर्टी डीलर हैं और कई तो संगठन के सदस्य तक नहीं हैं। पदाधिकारियों ने सवाल उठाते हुए कहा कि इन लोगों ने उस प्रेस वार्ता से पहले कभी शहीद स्थल पर कदम तक नहीं रखा और न ही वे सुबह हुए लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल थे। संगठन ने तंज कसते हुए पूछा कि आखिर ऐसी क्या मजबूरी आ पड़ी कि उन्हें रात के समय प्रेस कॉन्फ्रेंस करनी पड़ी?
संगठन ने स्पष्ट किया कि वे आज भी मजबूती के साथ अधूरे निर्माण कार्य का विरोध करते हैं। साथ ही चेतावनी दी कि यदि कल रात की प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल लोगों में से कोई भी व्यक्ति संगठन से जुड़ा पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उसे संगठन से निष्कासित किया जाएगा।
इस अवसर पर संगठन के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह डोगरा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष हवलदार सुरेश नौटियाल, उपाध्यक्ष हवलदार राकेश गुलेरिया, सचिव नायक कुलवंत नागपाल, संरक्षक कैप्टन चंदन सिंह सजवाण, सूबेदार मेजर अर्जुन चौधरी और सूबेदार मेजर बलदेव ठाकुर उपस्थित रहे। इसके अलावा सदस्य हवलदार कुलदीप चंदेल, कैप्टन ज्ञान सिंह चंदेल, हवलदार कैलाश डोभाल डोबरियाल, सूबेदार देवेंद्र रावत, सूबेदार प्रवीण डोगरा, कैप्टन आर.एस. नेगी, कैप्टन महेंद्र सिंह नेगी सहित संगठन के अन्य साथी मौजूद थे।